एम्स रायपुर के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे उपराष्ट्रपति, मुख्य सचिव ने ली समीक्षा बैठक; दिए कड़े निर्देश
रायपुर। उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन के आगामी 2 सितंबर को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर शासन स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। उपराष्ट्रपति रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दौरे की तैयारियों को पुख्ता करने के लिए मुख्य सचिव श्री विकासशील ने आज मंत्रालय महानदी भवन में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली।
मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के पालन के निर्देश मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि उपराष्ट्रपति के प्रवास से जुड़ी हर व्यवस्था निर्धारित प्रोटोकॉल और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सुनिश्चित की जाए। उन्होंने एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल और वापसी के मार्ग के लिए एंट्री-एग्जिट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।

सुरक्षा, चिकित्सा और यातायात के विशेष इंतजाम
-
प्रोटोकॉल व स्वागत: रायपुर कलेक्टर को एयरपोर्ट और एम्स परिसर में रिसेप्शन लाइन, स्वागत व्यवस्था एवं वीआईपी प्रोटोकॉल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
-
सुरक्षा व्यवस्था: गृह विभाग और पुलिस प्रशासन को एयरपोर्ट, कारकेड मार्ग तथा एम्स परिसर में पुख्ता सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।
-
आकस्मिक सेवाएं: निर्बाध विद्युत आपूर्ति, ठहरने के प्रबंध और आपातकालीन चिकित्सा टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बैठक में गृह विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव श्री अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल, रायपुर कमिश्नर, कलेक्टर और आईजी सहित एम्स प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।














