जशपुर में हाथियों का तांडव: 16 हाथियों के दल ने 75 वर्षीय बुजुर्ग को कुचला, मौके पर ही मौत

जशपुर में हाथियों का तांडव: 16 हाथियों के दल ने 75 वर्षीय बुजुर्ग को कुचला, मौके पर ही मौत

​घुघरी में झोपड़ी को तहस-नहस कर वृद्ध को उतारा मौत के घाट; महुआडीह के जंगलों में डटा हाथियों का झुंड, फसलों को भारी नुकसान

विशेष संवाददाता | जशपुर

जशपुर जिले के बगीचा वन परिक्षेत्र में हाथियों का आतंक एक बार फिर खूनी रूप ले चुका है। बीती देर रात घुघरी (कदमटोली) इलाके में 16 हाथियों के एक आक्रामक दल ने जंगल किनारे बनी झोपड़ी को निशाना बनाते हुए 75 वर्षीय बुजुर्ग मार्शल लकड़ा (पिता सोमा लकड़ा) को बेरहमी से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

​हाथियों के इस खूनी हमले के बाद से पूरे अंचल में भारी दहशत और आक्रोश का माहौल है।

​झोपड़ी तोड़कर किया हमला, गांव में फैला खौफ

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक मार्शल लकड़ा जंगल के समीप अपनी झोपड़ी बनाकर रहते थे। देर रात जब वे सो रहे थे, तभी 16 हाथियों का दल अचानक वहां आ धमका। हाथियों ने पहले झोपड़ी को तहस-नहस किया और फिर बुजुर्ग को अपनी चपेट में ले लिया। चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के लोग संभल पाते, तब तक बुजुर्ग दम तोड़ चुके थे।

​फसलों को रौंद रहा दल, महुआडीह के जंगलों में मौजूदगी

​ग्रामीणों के अनुसार, यह दल न केवल बस्तियों की ओर रुख कर रहा है, बल्कि आसपास के खेतों में खड़ी फसलों को भी पूरी तरह रौंदकर बर्बाद कर चुका है। प्रारंभिक सूचना के मुताबिक, यह आक्रामक झुंड फिलहाल महुआडीह के जंगलों में डटा हुआ है, जिससे आसपास के कई गांवों पर खतरा मंडरा रहा है।

​वन विभाग की अपील और निगरानी

​घटना की सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और शव को पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वन विभाग की टीम हाथियों की मूवमेंट पर लगातार नजर बनाए हुए है।

वन अधिकारी की चेतावनी:

"हाथियों की स्थिति को देखते हुए महुआडीह और आसपास के ग्रामीणों को अलर्ट जारी किया गया है। लोग रात के समय जंगलों की ओर न जाएं और हाथियों के दल से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।"