मुद्रा लोन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली चार बिहान कैडर सम्मानित, सफलता की कहानी बनीं प्रेरणा

मुद्रा लोन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली चार बिहान कैडर सम्मानित, सफलता की कहानी बनीं प्रेरणा

जशपुर | 10 अगस्त 2026

ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) द्वारा किए जा रहे प्रयासों को जशपुर जिले में नई गति मिल रही है। मुद्रा लोन प्रकरणों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली चार बिहान एफएलसीआरपी (FLCRP) दीदियों को जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इन दीदियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने न केवल अपने विकासखंड का गौरव बढ़ाया है, बल्कि जिले की अन्य कैडरों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी हैं।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सम्मानित दीदियां

लक्ष्य से अधिक और शत-प्रतिशत सफलता हासिल करने वाली सम्मानित दीदियों का विवरण:

  • सरिता बाई (मनोरा विकासखंड): निर्धारित 20 के विरुद्ध 34 प्रकरण स्वीकृत कराए।

  • सलेहा खातून (मनोरा विकासखंड): निर्धारित 20 के विरुद्ध 26 प्रकरण स्वीकृत कराए।

  • शोभा टोप्पो (जशपुर विकासखंड): निर्धारित 20 के विरुद्ध 27 प्रकरण स्वीकृत कराए।

  • विजयी गंगा (बगीचा विकासखंड): निर्धारित 25 के विरुद्ध 25 प्रकरण (शत-प्रतिशत) स्वीकृत कराए।

लगातार प्रयास और बेहतर समन्वय ही सफलता की कुंजी

सम्मान समारोह में दीदियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि बैंक अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय, हितग्राहियों को निरंतर मार्गदर्शन, दस्तावेजी प्रक्रिया में सहयोग तथा लगातार फॉलो-अप ही उनकी सफलता का मुख्य आधार रहा। उन्होंने अन्य दीदियों का आह्वान किया कि लक्ष्य को केवल आंकड़ा न मानकर प्रत्येक महिला को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से कार्य करें।

एक लोन, एक दुकान और आत्मनिर्भरता की नई शुरुआत

मनोरा विकासखंड के पंडरसीली ग्राम पंचायत (किनदरापाठ) की पहाड़ी कोरवा समुदाय की दीदी सरिता बाई (पति श्री तुलसी राम) इस बदलाव की प्रेरक मिसाल बनी हैं। उन्होंने मुद्रा लोन के माध्यम से ₹1 लाख का ऋण प्राप्त कर किराना दुकान स्थापित की। इससे न केवल उनके परिवार की आय का नया स्रोत तैयार हुआ, बल्कि स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला।

वर्तमान में जशपुर जिले में बिहान से जुड़ी महिलाएं किराना दुकान, बकरी पालन, कृषि और खाद्य प्रसंस्करण जैसे छोटे उद्यम अपनाकर 'लखपति दीदी' बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं।

“एफएलसीआरपी दीदियां बन रही हैं महिला उद्यमिता की मजबूत कड़ी”

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को व्यक्तिगत उद्यम स्थापित करने के लिए मुद्रा लोन एक महत्वपूर्ण वित्तीय माध्यम है। उन्होंने एफएलसीआरपी दीदियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि ये कैडर बैंक और ग्रामीण महिलाओं के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रही हैं। उन्होंने संबंधित विकासखंडों के सीईओ एवं बिहान टीम को बधाई दी।

बैंक मेला और सघन निरीक्षण से मिल रही गति

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और जिला प्रशासन द्वारा प्रति तीन माह में सघन रूप से 'बैंक मेला' का आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही अधिकारियों द्वारा लगातार बैंक विजिट कर शाखा प्रबंधकों को सेंसटाइज किया जा रहा है, जिससे बैंकों से भी पूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है।

उपस्थिति: समीक्षा बैठक में जिले के सभी विकासखंडों के जनपद पंचायत सीईओ, बिहान जिला दल, साधन संस्था के प्रतिनिधि, बीपीएम, एरिया कोऑर्डिनेटर एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।