राष्ट्रीय महिला आयोग के “वह बदलाव लाने वाली है” कार्यक्रम में शामिल हुई विधायक गोमती साय; कहा– 'महिलाएं समाज में बदलाव की मजबूत वाहक'

राष्ट्रीय महिला आयोग के “वह बदलाव लाने वाली है” कार्यक्रम में शामिल हुई विधायक गोमती साय; कहा– 'महिलाएं समाज में बदलाव की मजबूत वाहक'

पत्थलगांव। हरियाणा के फरीदाबाद में राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यक्रम “वह बदलाव लाने वाली है” (She is a Changemaker) में पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय ने छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए सक्रिय सहभागिता निभाई। इस सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आईं महिला विधायकों और जनप्रतिनिधियों ने एक साथ मंच साझा किया।

सार्थक संवाद और अनुभव साझा

कार्यक्रम के दौरान महिला नेतृत्व, सशक्तिकरण, जनप्रतिनिधित्व में महिलाओं की भूमिका और सामाजिक बदलाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। विधायक गोमती साय ने देशभर से आईं महिला जनप्रतिनिधियों के साथ अपने क्षेत्र के अनुभव साझा किए और अन्य राज्यों में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों व विचारों को समझा।

बदलाव की वाहक बन रही हैं महिलाएं: गोमती साय

आयोजन को लेकर विधायक गोमती साय ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं की भागीदारी केवल राजनीति तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि वे समाज के प्रत्येक क्षेत्र में सकारात्मक और मजबूत बदलाव की वाहक बन रही हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय आयोजन महिला प्रतिनिधियों को एक-दूसरे से सीखने, आपसी अनुभव साझा करने और नए संकल्प के साथ जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने इस आयोजन को अत्यंत प्रेरणादायी, ज्ञानवर्धक एवं अविस्मरणीय बताते हुए कहा कि इससे महिला नेतृत्व को और अधिक प्रभावी बनाने तथा समाज के समग्र विकास में महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने में मदद मिलेगी।