सतीघाट शिवधाम पहुंच मार्ग दुरुस्त: प्रशासन ने लिया संज्ञान, ठेकेदार से तुरंत कराई मरम्मत, श्रद्धालुओं के लिए आवागमन हुआ सामान्य
जशपुरनगर: सतीघाट कोतबा स्थित प्रसिद्ध शिवधाम जाने वाले मार्ग पर कीचड़ और बदहाली की खबर सामने आने के बाद जल संसाधन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क की मरम्मत पूरी करा दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मार्ग पर निर्मित कीचड़ की स्थिति बारिश और निर्माण कार्यों के कारण अस्थायी थी, जिसे अब पूरी तरह ठीक कर दिया गया है। वर्तमान में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए आवागमन पूरी तरह सुचारू है।
जल संसाधन उप-संभाग पत्थलगांव के अनुविभागीय अधिकारी (SDO) ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सतीघाट में स्टॉप डैम का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य पूर्ण हो चुका है। निर्माण प्रक्रिया के दौरान नहर पक्कीकरण के लिए खुदाई की गई थी। इसके साथ ही लगातार हुई मूसलाधार बारिश के चलते सी.सी. रोड के किनारे की मिट्टी बह गई थी, जिससे सड़क का कुछ हिस्सा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था।
अधिकारी ने आगे बताया कि हाल ही में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग द्वारा पाइपलाइन बिछाने हेतु सड़क के किनारे खुदाई कराई गई थी। बारिश के दौरान वहां बिछाई गई मुरुम बहकर मुख्य सड़क पर आ गई, जिसके कारण कीचड़ की स्थिति निर्मित हो गई थी।
मामले की जानकारी और समाचार प्रकाशित होने के तुरंत बाद विभाग ने स्थिति को गंभीरता से लिया। संबंधित ठेकेदार को तत्काल निर्देश जारी कर मौके पर मरम्मत कार्य शुरू कराया गया। अब श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे मार्ग को दुरुस्त कर दिया गया है, जिससे शिवधाम जाने वाले भक्तों को राहत मिली है।














