कैलाश गुफा मार्ग धंसने की खबर पर PWD का स्पष्टीकरण: बारिश और तालाब के रिसाव को बताया भू-स्खलन की वजह, वैकल्पिक मार्ग से आवागमन चालू
जशपुरनगर। समाचार पत्र में प्रकाशित खबर "कैलाश गुफा मार्ग की सड़क धंसी, हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने से पहले चिंता" पर लोक निर्माण विभाग (भ/स) संभाग जशपुर के कार्यपालन अभियंता ने स्थिति स्पष्ट करते हुए विभागीय पक्ष जारी किया है। विभाग का कहना है कि मार्ग धंसने की मुख्य वजह भारी बारिश और सड़क के पास बने तालाब से पानी का रिसाव होना है, जिससे भू-स्खलन की स्थिति उत्पन्न हुई है।
कार्यपालन अभियंता के अनुसार गायबुढ़ा-कैलाश मार्ग का निर्माण कार्य वर्ष 2018-19 में स्वीकृत हुआ था, जो अनुबंध के आधार पर 8 मई 2022 को पूर्ण कर लिया गया था। इस कार्य की 36 माह की परफॉर्मेंस गारंटी (PG) अवधि भी पूरी हो चुकी है। निर्माण के समय किमी 1/10 के पास कोई तालाब मौजूद नहीं था, लेकिन बाद में सड़क के दाईं ओर एक बड़े तालाब का निर्माण हुआ। हालिया मूसलाधार बारिश के चलते तालाब लबालब भर गया और उसके पानी का रिसाव सड़क की निचली सतह में होने से मिट्टी कट गई और भू-स्खलन हो गया।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से विभाग ने प्रभावित हिस्से के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा संकेतक बोर्ड लगा दिए हैं, ताकि कोई दुर्घटना न हो। श्रद्धालुओं और आम जनता की सुविधा के लिए आवागमन को PWD के दूसरे वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट कर सुचारू कर दिया गया है। क्षतिग्रस्त हिस्से की स्थायी मरम्मत के लिए एफडीआर (FDR) मद के तहत प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार कर आगे की कार्यवाही तेजी से की जा रही है।














