जशपुर पुलिस की अपराध समीक्षा बैठक: DIG एवं SSP डॉ. लाल उमेद सिंह का सख्त रुख, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और प्रभावी पुलिसिंग के दिए निर्देश

जशपुर पुलिस की अपराध समीक्षा बैठक: DIG एवं SSP डॉ. लाल उमेद सिंह का सख्त रुख, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और प्रभावी पुलिसिंग के दिए निर्देश

जशपुर 

जशपुर जिला पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (DIG/SSP) डॉ. लाल उमेद सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना/चौकी प्रभारियों, प्रशिक्षु उप निरीक्षकों और विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों की उपस्थिति में जिले की कानून-व्यवस्था तथा लंबित मामलों की गहन समीक्षा की गई।

बेहतरीन कार्य पर पुरस्कार, लापरवाही पर मिलेगी विभागीय कार्रवाई

बैठक के दौरान अनुविभागवार लंबित अपराधों, चालान, शिकायतों और वारंटों की स्थिति का जायजा लेते हुए एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मामलों का निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण विवेचना के साथ समय-सीमा के भीतर निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रभारियों को पुरस्कृत किया जाएगा, वहीं विवेचना में अनावश्यक देरी या लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त विभागीय कार्रवाई की गाज गिरेगी।

समीक्षा बैठक के मुख्य बिंदु एवं कड़े निर्देश:

  • एनडीपीएस (NDPS) मामलों में End-to-End Investigation: मादक पदार्थों और गौ-तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पूरी कड़ी (End-to-End) की जांच करने के निर्देश दिए गए।

  • होटल व लॉज के लिए 'समाधान ऐप': जिले के सभी होटलों, लॉज और आवासीय परिसरों में आने वाले आगंतुकों का 'समाधान ऐप' के जरिए अनिवार्य पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि संदिग्धों पर नजर रखी जा सके।

  • सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा: सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ समयबद्ध व संतोषजनक निराकरण अनिवार्य किया गया है।

  • साइबर अपराधों पर त्वरित एक्शन: साइबर सेल प्रभारी उप पुलिस अधीक्षक श्री भावेश कुमार समरथ को तकनीकी सहायता और साइबर शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

  • सघन चेकिंग और यातायात सख्ती: बिना हेलमेट, तीन सवारी, शराब पीकर वाहन चलाने और नाबालिग चालकों पर शिकंजा कसने के लिए जगह-जगह बैरिकेड लगाकर चेकिंग अभियान चलाने का आदेश दिया गया है।

  • 'पुलिस मितान' और ग्राम सुरक्षा पर जोर: पुलिस मितान व्यवस्था को सक्रिय कर जनसहभागिता बढ़ाने, क्षेत्र में विजिबल पुलिसिंग (Visible Policing) और पैदल गश्त तेज करने पर विशेष बल दिया गया।

"थाने आने वाला कोई भी फरियादी निराश न लौटे"

डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि थानों में आने वाले आम नागरिकों के साथ शालीन व संवेदनशील व्यवहार किया जाए और उनकी शिकायतों पर तुरंत निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारी

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी कुनकुरी श्री विनोद मंडावी, एसडीओपी बगीचा श्री दिलीप कुमार कोसले, एसडीओपी जशपुर श्री चंद्रशेखर परमा, उप पुलिस अधीक्षक श्री भावेश कुमार समरथ, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री के.आर. चौहान, एसडीओपी श्री निमितेश सिंह, रीडर श्री मुकेश झा सहित सभी थाना व चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।