जशपुर जिले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई: वित्तीय अनियमितता और प्रताड़ना के आरोपों में बीईओ समेत तीन शिक्षा अधिकारियों पर गिरी गाज

जशपुर जिले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई: वित्तीय अनियमितता और प्रताड़ना के आरोपों में बीईओ समेत तीन शिक्षा अधिकारियों पर गिरी गाज

जशपुरनगर, 09 सितंबर 2026: कलेक्टर जशपुर द्वारा शिक्षा विभाग के तीन अधिकारियों के खिलाफ गंभीर शिकायतों की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर सख्त प्रशासनिक आदेश जारी किए गए हैं। जिला पंचायत जशपुर द्वारा 08 सितंबर 2026 को प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में आर्थिक शोषण, मानसिक प्रताड़ना, पद के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतें प्रथम दृष्टया सही पाई गई हैं, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है।

​1. बीआरसीसी फरसाबहार देवेंद्र सिंह निलंबित

​फरसाबहार विकासखंड के प्रभारी विकासखंड स्रोत समन्वय (BRCC) और मूल पद उच्च वर्ग शिक्षक श्री देवेंद्र सिंह के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों की जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर उन्हें छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, कांसाबेल नियत किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

​2. बीईओ फरसाबहार दुर्गम देवांगन पर कार्रवाई, संलग्न किया गया

​फरसाबहार के प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) श्री दुर्गम देवांगन के खिलाफ आर्थिक शोषण, मानसिक प्रताड़ना और भ्रष्टाचार की शिकायतों की जांच में प्रथम दृष्टया पुष्टि होने के बाद, उन्हें कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, फरसाबहार से हटाकर सीधे कार्यालय जिला पंचायत जशपुर में संलग्न कर दिया गया है।

​3. सी.आर. भगत को मिली फरसाबहार बीईओ की अतिरिक्त जिम्मेदारी

​दुर्गम देवांगन को कार्यमुक्त किए जाने के बाद, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय तपकरा के प्रभारी प्राचार्य (मूल पद व्याख्याता) श्री सी.आर. भगत को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, फरसाबहार का प्रशासनिक एवं वित्तीय दायित्व सौंप दिया गया है। उन्हें 03 दिवस के भीतर प्रभार लेते हुए पालन प्रतिवेदन जिला शिक्षा कार्यालय को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।