जशपुर के पोड़ी में राशन वितरण की शिकायत का खाद्य विभाग ने किया त्वरित निराकरण, हितग्राहियों को मिला जून माह का चावल
जशपुरनगर। जशपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत पोड़ी स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण में हो रही देरी की शिकायत का प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए निराकरण कर दिया है।
हाल ही में पोड़ी की राशन दुकान से सरपंच द्वारा चावल नहीं दिए जाने संबंधी खबर समाचार पत्रों में प्रकाशित हुई थी। इस पर संज्ञान लेते हुए खाद्य निरीक्षक जशपुर द्वारा मामले की विस्तृत जांच की गई। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि आश्रित ग्राम रतिया के कुछ हितग्राहियों का ई-पोस (e-PoS) मशीन में बायोमेट्रिक सत्यापन तो हो गया था, लेकिन उन्हें खाद्यान्न प्राप्त नहीं हो सका था।
खाद्य अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायत मिलते ही खाद्य निरीक्षक की उपस्थिति में 17 जुलाई 2026 को सभी शिकायतकर्ता हितग्राहियों को जून 2026 का बकाया खाद्यान्न सफलतापूर्वक वितरित करा दिया गया है।
जून माह का राशन पूर्ण रूप से प्राप्त होने के बाद सभी राशनकार्डधारियों ने संतोष व्यक्त किया है। इस प्रकार समाचार पत्र में प्रकाशित शिकायत का प्रशासनिक स्तर पर पूर्णतः समाधान कर दिया गया है।














